हाथरस : पुरदिलनगर रोड पर कूड़ा डालती नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
पुरदिलनगर मार्ग की पटरियों पर नगर पालिका परिषद द्वारा लगातार कूड़ा डाला जा रहा है। बारिश के पानी में भीगने के कूड़े के ढेर से सड़ांध उठ रही है। कई बार शिकायत के बावजूद यहां कूड़ा डालना बंद नहीं किया गया है। मोटर साइकिल, साइकिल और विभिन्न वाहनों से गुजरने वाले सड़ांध से परेशान होकर रह गए हैं। बच्चों और महिलाओं को उल्टियां तक हो जाती हैं। जिलाधिकारी द्वारा आवंटित की गई भूमि पर नगर पालिका अभी तक कूड़ाघर शुरू नहीं करा सकी है।
बता दें कि नगर पालिका परिषद पूरे नगर का कूड़ा विभिन्न वाहनों से उठवाकर पुरदिलनगर मार्ग की पटरियों पर काफी समय से डलवा रही है। कई बार इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों तक से की गई है। इसके बाद कुछ दिनों के लिए कूड़ा डालना बंद हो जाता है और उसके बाद दोबारा कूड़ा डाला जाता रहा है। वर्तमान में करीब 500 वर्ग गज क्षेत्र में पटरी पर दोनों तरफ कूड़ा डाला जा रहा है। वैसे तो काई फर्क नहीं पड़ रहा, लेकिन बारिश के पानी में भीगने के बाद जब कूड़े के ढेर पर तेज धूप पड़ती है तो उसमें से सड़ांध उठती है।
हालात इतने बदतर हैं कि वहां से गुजरते समय नाक पर रुमाल रखकर निकलना पड़ रहा है। बाइक सवारों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि डीएम ने कूड़ाघर बनाने के लिए गढ़ी बुद्धू खां में सुनसान जगह पर भूमि आवंटित की थी, लेकिन बताया गया कि वहां जाने के लिए रास्ता ही नहीं है। एसडीएम अंकुर वर्मा ने कुछ दिन पूर्व स्थल का सर्वे कर लेखनाल को बुलाकर रास्ता तलाशने के लिए जमीन निर्धारित करने का काम दिया था, लेकिन इसके बाद आज तक डलाबघर चालू नहीं हुआ है। नागरिकों ने डीएम से समस्या के समाधान का आग्रह किया है। संवाद