संवाद न्यूज एजेंसी, हसायन।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खिटौली में रविवार की शाम को दो पक्षों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। वर्तमान प्रधान व अखिल भारतीय प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष पवन कुमार कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच समझौते के लिए कोतवाली पहुंच गए।
वहां एक पुलिस कर्मी ने प्रधान से कार्यालय से बाहर जाने के लिए कह दिया। इसे लेकर वहां हंगामा हो गया। कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने वहां पहुंचकर मामला शांत कराया। कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने बताया कि प्रधान के साथ हुई घटना के मामले में पुलिस कर्मी मुंशी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
ग्राम प्रधान ने इस मामले की जानकारी प्रधान संगठन के पदाधिकारियों को दे दी। कई ग्राम पंचायतों के प्रधान व मंडल अध्यक्ष धर्मवीर सिंह के अलावा भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के कार्यकर्ता विकास खंड कार्यालय परिसर में जमा हो गए और पुलिस पर प्रधान संगठन के पदाधिकारी के साथ अभद्रता का आरोप लगाते हुए वहीं धरना शुरू कर दिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने प्रधानों से बातचीत कर धरना-प्रदर्शन न किए जाने की अपील की।
प्रधान पवन कुमार ने बताया कि उनके साथ मुंशी ने अभद्र व्यवहार किया और मोबाइल फोन छीनकर कोतवाली में बिठा लिया। गांव मथुरापुर के प्रधान गजेंद्र सिंह ने कहा कि वह गांव में हुए एक ही परिवार के चाचा-भतीजे के झगड़े में जब समझौते के लिए पहुंचे तो कोतवाली में तैनात एसएसआई द्वारा उनके साथ अशोभनीय व्यवहार किया गया और कोतवाली से चले जाने के लिए फटकार लगाकर भगाने के लिए कहा गया।
भाकियू भानु गुट के जिला प्रभारी वार्ड संख्या सात के जिला पंचायत सदस्य मनोज कुमार बघेल ने कहा कि पुलिस कर्मी जब जनप्रतिनिधि के साथ गाली गलौज व धक्का मुक्की कर सकते हैं तो जनता के साथ उनका बर्ताव कैसा होगा।
प्रधानों ने आरोपी मुंशी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। विधायक वीरेंद्र सिंह राना और ब्लॉक प्रमुख भी मौके पर पहुंच गए। विधायक ने तत्काल एसपी व डीएम से घटना की जांच कराने की मांग की और प्रधानों को आश्वासन देकर धरने से उठा दिया।