हाथरस : लूट की शिकार शिक्षामित्र। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विकास खंड सासनी के गांव नयावास स्थित प्राइमरी स्कूल जा रहीं स्कूटी सवार शिक्षामित्र से बुधवार की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूट ली। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने इधर-उधर काफी दौड़ लगाई। अब तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
शहर के इगलास रोड स्थित गांव विद्या नगर निवासी शिक्षक संघ के अध्यक्ष सोहन सिंह की पत्नी मनोज कुमारी सासनी विकास खंड के गांव नयावास के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर तैनात हैं। बुधवार की सुबह वह अपनी स्कूटी से स्कूल जा रहीं थीं। इस बीच गांव अहवरनपुर के पास से सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाश उनका पीछा करने लगे।
सुनसान जगह देखकर बदमाशों ने उनकी स्कूटी को बाइक से गिरा दिया और उनके गले से चेन छीनकर भाग गए। सूचना मिलने पर तुरंत की इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। बदमाशों की तलाश में पुलिस ने काफी भागदौड़ भी की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। तहारीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। एसएचओ गौरव सक्सेना ने बताया कि शिक्षिका के साथ हुई घटना को अंजाम देने वालों की तलाश की जा रही है। संवाद