न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
क्षेत्र में तीन तलाक कहकर विवाहिता को घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता के साथ छेड़खानी और उसकी मां के साथ दुराचार का प्रयास करने का भी आरोप है। इस मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द पुलिस की हिरासत में होंगे।
पीड़िता की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि सात नवंबर 2022 की रात करीब आठ बजे उसकी बेटी के साथ उसके देवर ने छेड़खानी और अश्लील हरकत की। शोर मचाने पर आरोपी ने उसकी बेटी को छोड़ दिया। बेटी ने इस घटना की शिकायत जब बेटी ने अपने पति से की तो पति ने अपने भाइयों के साथ मिलकर उसकी बेटी के साथ मारपीट कर उसे तीन बार तलाक तलाक तलाक कहकर घर से निकाल दिया। सूचना देने पर वह उसे लेने घर पहुंची। वह अपनी बेटी को लेकर ईदगाह जा रही थी। रास्ते में आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और छेड़खानी करते हुए अश्लील हरकतें करने लगे।
इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म करने का भरसक प्रयास किया गया। शोर-शराबा सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इसलिए आरोपित मौके से फरार हो गए। दो दिसंबर की रात करीब नौ बजे जब वह अपने घर पर खाना बना रही थी, तो आरोपी अचानक घर के अंदर घुस आए। प्रार्थना पत्र को वापस न लेने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने एक राय होकर उसके साथ मारपीट की।
मौका पाकर जब उसने डायल 112 टीम को सूचना दी तो पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी भाग जाने में सफल रहे। महिला ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में आईपीसी की धारा 354 ख, 354 क, 452, 323, 504, 506, मुस्लिम महिला विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम 2019 की धारा 3 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।