न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)।
इंजेक्शन लगाकर कॉलेज परिसर में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 10 अक्तूबर की बताई जा रही है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि उनकी बेटी 10 अक्तूबर 2022 को दोपहर करीब 12 बजे कोचिंग के लिए गई थी। लौटते समय रास्ते में कुछ लोगों ने उसे जबरन रोक लिया। इन लोगों ने उसे पकड़कर उसे नशे का इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उनकी बेटी होश खो बैठी। इसका फायदा उठाकर आरोपी छात्रा को निकट के इंटर कॉलेज परिसर में ले गए। वहां खाली स्थान पर इन सभी ने उसकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी बेटी को कोचिंग के पास छोड़कर चले गए। आरोपियों ने छात्रा को घटना के बारे में घर पर कोई जानकारी न देने की धमकी दी। इसी वजह से बेटी ने परिजनों को कुछ नहीं बताया। इससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए।
आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म के दौरान वीडियो भी बनाया और उसे वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने घटना का वीडियो भी वायरल कर दिया। कुछ लोगों ने घटना की वीडियो के बारे में पीड़िता के पिता को बताया। पूछताछ करने पर छात्रा ने परिजनों को रोते हुए घटना की जानकारी दी।
आरोपियों ने घटना को लेकर किसी तरह की कार्रवाई करने पर छात्रा व उसके भाई और पिता को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 328, 376डी, 506, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2008 की धारा 67, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 3और 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। संवाद