फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाथरस : दीपों से जगमगाई धरती, आतिशबाजी से गूंजा आसमान

विज्ञापन
हाथरस : दिवाली पर आतिशबाजी करते बच्चे। संवाद - फोटो : HATHRAS
विज्ञापन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विज्ञापन

उल्लास, रंगीन आतिशबाजी, रंग-बिरंगी रोशनी के साथ सोमवार को दीपोत्सव धूमधाम से मनाया गया। घर-घर लक्ष्मी-गणेश का पूजन किया गया। मिठाइयां बांटी गईं। लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। बड़ों ने छोटों के चरण छूकर आशीर्वाद लिया और हम उम्रों ने एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं दीं। अमृत बेला से लेकर देर रात्रि तक महालक्ष्मी पूजन का कार्यक्रम चलता रहा। घर और प्रतिष्ठानों पर दीप मालिका सजाई गई। मंदिरों में जाकर दीपदान किया।
दिवाली के पर्व को लेकर पिछले कई दिन से लोग तैयारी में जुटे थे। बाजार भी गुलजार थे। सोमवार की शाम तक लोगों ने सजावट के सामान, फूल, दीपक, लक्ष्मी और गणेश की मूर्तियों की खरीदारी की।
विज्ञापन

एक ओर बाजारों में खरीदारी की जा रही थी तो लोग अपने दुकानों, प्रतिष्ठान और घरों में शुभ योग के अनुसार पूजन आदि कर रहे थे। शुभ मुहूर्त के अनुसार लोगों ने लक्ष्मी-गणेश का पूजन कर मनोरथ पूर्ण होने की कामना की। घर ही नहीं, बल्कि बाजारों में भी लक्ष्मी, गणेश के पूजन की धूम रही। लक्ष्मी जी की स्थायी कृपा के लिए कुछ लोगों ने सिंह लग्न यानि मध्यरात्रि के बाद पूजन किया।
दिवाली के दिन बाजारों से लेकर घरों तक विशेष सजावट की गई थी। फूलों के साथ कृत्रिम फूलमालाएं और झालर भी घर और द्वार की शोभा में चार चांद लगा रही थीं। शाम होते ही सारा शहर प्रकाश में डूब गया। दिवाली पर लोग खुशियां बांटने के साथ मुंह मीठा कराने में भी पीछे नहीं हट रहे। पूजन होने के बाद ही आतिशबाजी का क्रम शुरू हो गया, जो देर रात्रि तक चलता रहा।
आतिशबाजी करने के लिए बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह था ही, लेकिन महिलाएं और युवती और वृद्ध भी पटाखे चलाने से नहीं चूके। आसमान में रंगीन आतिशबाजी का नजारा दिखाई दिया। दिवाली के दिन ही करोड़ों रुपये के पटाखे स्वाहा हो गए। संवाद
विज्ञापन

मिठाई की दुकानों पर रही भीड़
दिवाली के मौके पर जहां लोगों ने खूब खुशियां बांटी वहीं मिठाई खरीदने के लिए बाजारों में खूब भीड़ रही। कई दुकानों पर मिठाई ही खत्म हो गईं। दिवाली की खुशियाें में मिठास घोलने के लिए मिठाई भी जरूरी है, इसलिए बड़े पैमाने पर मिठाई की खरीदारी दिवाली की शाम तक की गई। दिवाली के मौके पर मिठाई विक्रेताओं ने जमकर चांदी काटी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें