न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
कोतवाली क्षेत्र के गांव तिलौठी में बने पोखर में एक नौ वर्षीय बालक के निर्वस्त्र शव की पहचान तो हो गई, लेकिन अभी तक उसके कपड़ों का कुछ पता नहीं चला है। इससे परिजनों की परेशानी और बढ़ गई है।
बता दें कि सोमवार को गांव तिलौठी के प्राथमिक विद्यालय में हो रहे स्वतंत्रता दिवस के मौके पर निवासी गांव मदार गड्ढा निवासी आरिस पुत्र फिरोज स्वतंत्रता दिवस मनाने के बाद घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने काफी तलाशा, लेकिन बालक का कोई अता-पता नही लग सका। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों की नजर जंगलों की ओर जाते हुए पोखर में उतराते शव पर गई तो गांव में खलबली मच गई। आरिस के परिजन भी पहुंच गए। पुलिस भी पहुंच गई।
शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चर्चा थी बालक के कपडे़ निकट एक खेत में पडे़ है। पुलिस ने डॉग स्क्वायड को बुलाकर कपड़ों की पहचान कराई मगर कपडे़ मृतक के नहीं थे। उधर, रैली में की गई वीडियोग्राफी भी देखी। इसे देखने से पता चला कि बालक ने रैली में जो कपडे़ पहने थे, वह खेत में पडे़ कपड़ों से अलग थे। ग्रामीणों के अनुसार आरिस बचपन से ही अपने नाना अजमेरी के घर पर ही रहता था। वह कक्षा दो में प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता था। वह स्कूल में हुए कार्यक्रम के बाद से लापता था।संवाद