न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लंबे समय से बंद पड़ी शहर के बीचोबीच घंटाघर की घड़ी की सुइयां 23 अक्तूबर को फिर चलने लगेंगी। नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा विधि-विधान से वहां ध्वज, घड़ी और घंटा का पूजन करेंगे। प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी और साथ ही वहां हरिनाम संकीर्तन भी होगा।
घंटाघर के ठीक बीच में एक विशालकाय पीतल का घंटा लटकाया गया है। जिसे कलावे की रस्सी द्वारा आमजन ध्वनित कर पाएंगे। नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने बताया कि घंटाघर में लगी घड़ियां डिजिटल हैं, जो अपने घंटों से पूरे शहर को गुंजायमान करेंगी।
साथ ही कुछ विशेष समय जैसे सुबह छह बजे, दोपहर 12 बजे, सायं छह बजे व 10 बजे तथा रात्रि में 12 बजे की बजे उद्घोषणा के साथ भगवान के भजन व आरती से पूरा नगर भक्ति सागर में डुबकी लगाएगा। संवाद