न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
डीआरबी इंटर कॉलेज में बच्चों के सामने शराब पीने वाले शिक्षक का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसे लेकर शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। इसमें एक शिक्षिका की संलिप्तता को लेकर उससे स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन शिक्षिका ने जवाब नहीं दिया। इस पर शिक्षिका के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
पिछले दिनों डीआरबी इंटर कॉलेज हाथरस की प्रबंध समिति की बैठक अध्यक्ष रामगोपाल गुप्त की अध्यक्षता में हुई। इसमें 30 सितंबर को कॉलेज की प्राइमरी शाखा में एक क्लास में विद्यार्थियों के सामने शराब पीने से संबंधित वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे शिक्षक शैलेंद्र सिंह गौतम को तत्काल प्रभाव से प्रबंधक ने निलंबित कर दिया था। वीडियो की गहनता से जांच करने के बाद प्रधानाचार्य द्वारा पाया गया कि इस प्रकरण में संबद्ध प्राथमिक विभाग की सहायक अध्यापिका कमलेश गुप्ता की संलिप्तता भी प्रदर्शित हो रही है।
कॉलेज के प्रबंधक स्वतंत्र कुमार गुप्त ने बताया कि प्रधानाचार्य ने कमलेश गुप्ता से स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन कमलेश ने समय के तहत उसका जवाब प्रस्तुत नहीं किया। प्रधानाचार्य की आख्या पर प्रबंध समिति ने सर्वसम्मति से तत्काल प्रभाव से कमलेश गुप्ता को निलंबित कर दिया है। कमलेश गुप्ता से निलंबन अवधि में मुख्यालय नहीं छोड़ने और पत्र व्यवहार के लिए उपस्थित रहने की बात भी निलंबन पत्र में कही गई है। संवाद