न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
भीषण सड़क हादसे में छह कांवड़ियों की मौत के मामले में रविवार को पुलिस अधीक्षक पर गाज गिरी है। शासन ने एसपी विकास कुमार वैद्य का तबादला 39वीं वाहिनी पीएसी मिर्जापुर कर दिया है। उनके स्थान पर 39वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक देवेश कुमार पांडेय की तैनाती जिले में की गई है। नवागत पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय ने यहां आकर कार्यभार भी ग्रहण कर लिया। माना जा रहा है कि इस मामले में अभी कुछ और अधिकारी नप सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार की रात्रि में सादाबाद में बढ़ार के निकट एक डंपर ने कांवड़ लेकर जा रहे कुछ कांवड़ियों को रौंद दिया था। इसमें ग्वालियर के छह लोगों की मौत हो गई थी और एक गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना को लेकर यह बात सामने आई थी कि जिले में पुलिस प्रशासन ने कांवड़ियों की सुरक्षा के उचित इंतजाम नहीं किए थे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे लेकर विशेष निर्देश दिए थे। कांवड़ियों को लेकर किए गए सुरक्षा इंतजामों में चूक होने पर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार वैद्य पर कार्रवाई की गई है। इसके अलावा कुछ अन्य अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है। संवाद