हाथरस : मोहल्ला बारहसैनी में कोरोनारोधी टीके की एहतियाती खुराक लगाता कर्मी। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद आवश्यक है। इसके साथ ही इससे बचाव के लिए सभी प्रोटोकॉल का पालन करना भी बेहद जरूरी है। जिले में 15 जुलाई से 18 वर्ष से 59 वर्ष उम्र के लोगों को भी मुफ्त में एहतियाती खुराक लगाए जाने की शुरुआत हो चुकी है।
जिले में अब तक 33 हजार 418 लोगों को एहतियाती खुराक लगाई जा चुकी है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में अब तक 13 लाख 48 हजार से ज्यादा प्रथम खुराक, 12 लाख 43 से अधिक को दोनों खुराक लगाई जा चुकी हैं। जिले में अब तक 26 लाख 25 हजार से अधिक प्रथम, द्वितीय और एहतियाती खुराक लगाई जा चुकी है।
आशा कार्यकर्ताओं की मदद से लोगों को एहतियाती खुराक लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से 59 वर्ष की उम्र के ऐसे लोगों को एहतियाती खुराक लगाई जा रही है, जिन्हें दूसरी खुराक लगवाए हुए छह माह से ज्यादा का समय हो गया है। उन्होंने बताया कि ये खुराक सभी कोविड-19 टीकाकरण केंद्र पर उपलब्ध है। संवाद