हाथरस : राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धबरैया को पकड़कर ले जाती पुलिस। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला अस्पताल में हुए बवाल में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धवरैय्या सहित सात लोगों को जेल भेजा गया है। इस मामले में दो मुकदमे भी कोतवाली हाथरस गेट में दर्ज कराए गए हैं। इस बवाल के दौरान पुलिस ने राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धवरैय्या व उसके कई सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया।
पंकज के विरुद्ध चंदपा थाने के पूर्व में दर्ज एक मुकदमे में गैरजमानती वारंट चल रहे थे। इसमें वह वांछित था। उसे पुलिस ने इस मामले में कोर्ट के समक्ष पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। पंकज धवरैया के अलावा इगलास निवासी विकास जोशी, बीएच आयल मिल रोड निवासी धर्मेंद्र वर्मा, विष्णुपुरी निवासी शुभम शर्मा, मितनपुर निवासी मुकुल कुमार, मोतीराय निवासी सौरव और गैलेक्सी होटल के निकट रहने वाले अंकित यादव को भी जेल भेजा गया है।
वहीं इस बवाल में गिरफ्तार किए गए अन्य छह लोगों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इन्हें एसडीएम सदर कोर्ट में पेश किया गया। वहां से इन्हें जमानत नहीं मिली और जेल भेज दिया गया। इधर, इस बवाल में कोतवाली हाथरस गेट में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसमें पंकज धवरैय्या व उसके 10-15 अन्य सा थियों पर सीएमओ व अन्य चिकित्साधिकारियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज करने,सरकारी कार्य में बाधा डालने, तोड-फोड़ करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। संवाद