न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बृज क्षेत्र के लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज के आयोजन के लिए मेला परिसर में चल रहीं तैयारियों का प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट विपिन शिवहरे व एसडीएम सदर राजकुमार यादव ने निरीक्षण किया।
दोनों अधिकारियों ने मेला पंडाल और दंगल के अखाड़े के अलावा मंदिर के लिए जाने वाले मार्ग और अन्य तैयारियों का जायजा लिया। मेले के मुख्य आकर्षण मेला पंडाल में लोहे की जाली लगाकर बैरीकेटिंग के कार्य का अवलोकन किया गया।
एसडीएम ने कहा कि दंगल, संगीत सम्मेलन, लाफ्टर शो, भजन संध्या, पंजाबी दरबार, कवि सम्मेलन, शाम-ए-गजल आदि कार्यक्रमों को देखने वाले दर्शकों के बैठने के लिए सीढ़ियों को तीन रंगों की पट्टी के साथ सजाया जाए।
मेला परिसर के लिए जाने वाले माया टाकीज मार्ग, जामा मस्जिद चौराहा, ढकपुरा आदि मार्गों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। दंगल संयोजक राजेश गुड्डू, सभासद अजय राज, रवि शर्मा, जेई हर्षवर्धन, लेखपाल राघवेंद्र सिंह, दिलीप डब्बू, नत्थीलाल पाराशर, हृदेश चौटाला आदि मौजूद थे। संवाद