न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
नगर के जीटी रोड स्थित दूरभाष केंद्र में शुक्रवार को भारत ग्रामीण फाइबर परियोजना का शुभारंभ अलीगढ़ के महाप्रबंधक सुखदेव ने फीता काटकर किया। गांवों में बिछी आप्टीकल फाइबर केबल (ओएफसी) से अब सिकंदराराऊ, अकराबाद और हसायन इलाके में हाई नेट स्पीड सुविधा सस्ते रेट में उपलब्ध होगी।
योजना का दूरभाष केंद्र के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक ने कहा कि अब तक 45 गांवों में ओएफसी डालने का काम पूरा हो गया है। काम लगातार चल रहा है। सिकंदराराऊ विकास खंड के 46 गांव, अकराबाद में 61 गांव, हसायन में 26 गांवों को इंटरनेट की हाई स्पीड सुविधा उपलब्ध होगी। इसके माध्यम से किसान कृषि के उन्नत तरीके से रूबरू होंगे। योजना के तहत गांव-गांव को डिजिटलाइजेशन करना है। इन ब्लॉकों मे काम करने के लिए मां दुर्गा एंटरप्राइजेज को अधिकृत किया गया है। इस सुविधा से ग्राम पंचायत, राशन डीलर, आंगनबाड़ी, प्राथमिक विद्यालय, इंटर कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाभान्वित होंगे। शिक्षा के क्षेत्र में छात्र ऑनलाइन वीडियो क्लास के माध्यम से पढ़ सकेंगे।
इस मौके पर उप महाप्रबंधक तुषार गुप्ता, सहायक महाप्रबंधक परिचालन प्रवीन गर्ग, मंडल अभियंता पंकज दीक्षित, दूर संचार अधिकारी परवेज आलम, भूपेंद्र कुशवाहा, सुधीर राजपूत, राजवीर सिंह, अतुल तिवारी, राकेश कुमार, अमित चौधरी, अभी प्रताप, भूपेंद्र कुमार, मिश्र मोहन आदि थे। संवाद