न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगरिया पट्टी देवरी में संदिग्ध हालात में कासगंज जिले के सहावर क्षेत्र के युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के मामले में मृतक की पत्नी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी ननद के चार पुत्रों के खिलाफ पति की गला घोंटकर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने और सबूत नष्ट किए जाने के उद्देश्य से शव का अंतिम संस्कार किए जाने का आरोप लगाया है।
सुनीता पत्नी वीरेंद्र सिंह पुत्र राजपाल सिंह निवासी नगला पतुआ सहावर ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि उनके पति वीरेंद्र सिंह चार दिन पहले अपनी बहन राजवती के यहां घूमने आए थे। इस दौरान उनके पति वीरेंद्र सिंह के साथ उनके सगे चारों भांजे हरी सिंह, भरत, सत्यवीर सिंह व मुन्नेश पुत्र रामगोपाल ने शराब पी और उसके बाद उनके पति की गला दबाकर हत्या कर दी।
शव का पेड़ से लटका दिया और सबूत नष्ट करने के लिए अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर फरार चल रहे आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सलेमपुर चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मृतक वीरेंद्र सिंह की पत्नी की तहरीर पर विभिन्न धाराओं के तहत वीरेंद्र सिंह के चारों भांजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संवाद