न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के 132 केवीए ओढ़पुरा विद्युत उपकेंद्र पर बृहस्पतिवार की सुबह मरम्मत का काम किया गया। इस कारण सुबह कई अलग-अलग इलाकों की बिजली गुल रही। बिना बिजली के लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। इसके अलावा जर्जर लाइनों के चलते आए दिन हो रही बिजली कटौती से लोगों में गुस्सा है। बृहस्पतिवार को शहर से देहात तक चार से पांच घंटे लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ा।
बिजलीघर में मरम्मत के कार्य के चलते बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे से नौ बजे तक शहर के घंटाघर, बैनीगंज, रामलीला मैदान, मथुरा रोड, विभागीय कॉलोनी सहित तमाम इलाकों में बिजली गुल रही। सुबह बिजली गुल होने के कारण लोग जरूरी कामकाज नहीं कर सके। कार्यालय जाने में लोगों को देरी हो गई। शहर के अन्य विद्युत उपकेंद्रों से निकलने वाले फीडरों की आपूर्ति भी फॉल्ट के चलते बाधित रही। देहात के ऊघई, सलेमपुर, नगला रति, चंदपा, मुरसान आदि उपकेंद्रों की लाइनों में खराबी से भी आपूर्ति में व्यवधान आया।
बिजली संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर रोज कभी दिन तो कभी रात में बिजली गुल होना आम बात हो गई है। पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है। विभागीय अधिकारी समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
-जयपाल सिंह।
एक तरफ सरकार लोगों को पर्याप्त बिजली देने की बात कर रही है। वहीं दूसरी ओर जिले में बिजली व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। हर रोज कई कई घंटे बिजली गुल हो रही है। इस कारण आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
-गुड्डू
बिजली दिनचर्या का महत्वपूर्ण अंग है, लेकिन पिछले कई दिनों से पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। कभी लाइनों में फॉल्ट तो कभी सबस्टेशन की मशीनों में खराबी आ रही है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे।
-राहुल चौहान
जिले में बिजली व्यवस्था भगवान भरोस हैं। आए-दिन बिजली गुल होना आम बात हो गई है। विभाग में बेहतर बिजली आपूर्ति के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। इस कारण बिना बिजल्ी के हर रोज काफी मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है।
-सत्यपाल सिंह