न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय ने पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रित करनेके निर्देश दिए। सभी प्रभारी निरीक्षकों को निर्देशित किया कि थानों का रिकार्ड समय से अध्यावधिक करें, समय-समय पर हवालात का निरीक्षण करें और थानों पर अनावश्यक रूप से किसी को ना बैठाया जाए।
एसपी ने कहा कि किसी भी प्रकरण में पूछताछ के लिए आए व्यक्ति के साथ नियमानुसार कार्यवाही करते हुए बाद पूछताछ सुपुर्दगी में देकर थाने से भेजा जाए। उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्र के सक्रिय अपराधियों, थाने व जनपद के टॉप-10 अपराधियों, भू/खनन माफिया, शराब माफिया आदि की सूची बनाकर लगातार सतर्क दृष्टि रखते हुए उनके क्रियाकलापों की निगरानी करें। एसपी ने अवैध जूआ, सट्टा व शराब को पूर्ण रूप से बंद कराने के संबंध में निर्देश दिए। संवाद