हाथरस : डीएपी खाद लेने के लिए लगी किसानों की भीड़। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
लाहा, आलू और सरसों की फसल बुवाई के लिए क्षेत्र को डीएपी खाद मिल गई है। सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन हजार बोरे डीएपी की आपूर्ति की गई है। बुधवार को खाद लेने के लिए कृभको के हाथरस रोड स्थित केंद्र पर किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं भी खाद लेने वालों की कतार में लगी नजर आईं। काफी किसान रात में ही आकर लाइन में लग गए। कोतवाली पुलिस को खाद वितरित कराने में मशक्कत करनी पड़ी।
बता दें कि आलू और सरसों की बुवाई के लिए डीएपी खाद की जबर्दस्त मांग रहती है। चार बीघा खेत में एक बोरा डीएपी खाद की जरूरत होती है। पिछले 20 दिन से किसान का खाद का इंतजार कर रहे थे। बुधवार को कृभको केंद्र पर तीन हजार बोरे खाद उतरी। इसे लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान उमड़ पड़े। जमीन का खसरा देखकर किसानों को खाद का वितरण किया गया। किसानों को यह खाद 1,350 रुपये प्रति बोरा के हिसाब से दी गई।
किसानों की भीड़ के चलते हाथरस रोड पर किसानों की भीड़ लग गई, जिससे आवागमन भी बाधित हुआ। कोतवाली पुलिस ने आकर व्यवस्था संभाली तथा कायदे से खाद का वितरण कराया। विधायक वीरेंद्र सिंह राना ने बताया कि उन्होंने डीएम, डीपीआरओ और एओ से स्पष्ट कह दिया था कि खाद आते ही तत्काल किसानों को उचित रेट पर वितरित कराई जाए। जल्द ही और खाद भी विधानसभा क्षेत्र के लिए दी जाएगी। संवाद