न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
कोतवाली में चार दिन पहले ग्राम प्रधान खिटौली के साथ पुलिस कर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने के मामले में बुधवार को ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारी पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे। पदाधिकारियों ने इस मामले में दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उल्लेखनीय है कि रविवार की शाम को गांव खिटौली में दो पक्षों में गाली गलौज के बाद प्रधान दोनों पक्षों के साथ कोतवाली में रजामंदी कराने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां एक उपनिरीक्षक व दो अन्य पुलिस कर्मियों ने प्रधान पवन कुमार के साथ गाली-गलौज और मारपीट की और उनका मोबाइल फोन छीनकर उनको कोतवाली में बिठा लिया था।
रविवार को कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने इस मामले को निपटवा दिया था। मंगलवार को प्रधानों ने इस घटना के विरोध में कोतवाली में धरना भी दिया। विधायक वीरेंद्र सिंह राना ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उनको उठाया था। बुधवार को प्रधान संगठन के मंडल अध्यक्ष चौधरी धर्मवीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी से मिले। संवाद