न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट स्थित राजस्व रिकॉर्ड रूम में रखे अभिलेखों में छेड़छाड़ करने के मामले में कोतवाली मुरसान पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मामले की जांच की।
पुलिस ने इस मामले से संबंधित कर्मचारियों के बयान दर्ज किए और छेड़छाड़ वाले अभिलेखों का भी मुआयना किया। उल्लेखनीय है कि विगत में कलेक्ट्रेट स्थित राजस्व रिकॉर्ड रूम में अभिलेखों में हेराफेरी किए जाने को लेकर हंगामा हुआ था। एक अधिवक्ता कलेक्ट्रेट में बने रिकॉर्ड में कुछ प्रार्थना पत्रों के आधार पर मुआयना करने गए थे। मुआयने के दौरान उन्होंने देखा कि रिकॉर्ड रूम में एमए खान नामक बाहरी व्यक्ति पहाड़पुर के गाटा संख्या 88 में कुछ छेड़छाड़ कर रहा था।
अधिवक्ताओं का आरोप था कि यह बाहरी व्यक्ति कार्यालय के कर्मचारियों की मिलीभगत से अभिलेखों में कुछ नामों को बढ़ा रहा था। इस मामले में आरआरके रतन सिंह ने कोतवाली मुरसान में एनसीआर दर्ज की थी। अब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कलेक्ट्रेट में पहुंचकर संबंधित अभिलेखों को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। वहीं संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। संवाद