न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
कस्बा में शुक्रवार की दोपहर को बच्चा चोरी की सूचना पर कोतवाली पुलिस चकरघिन्नी बन गई।
किसी ने पुलिस को मोबाइल पर सूचना दी की कुछ लोग बच्चे को पकड़कर ले गए हैं। पुलिस सक्रिय हो गई और आनन-फानन उस स्थान पर पहुंच गई, जहां बच्चा चोरों द्वारा बच्चे को उठाए जाने की सूचना मिली थी। वहां पहले से ही काफी भीड़ थी। लोगों का कहना था कि चोर बच्चे को लेकर सामने वाले बाजरा के खेत में घुस गए हैं। पुलिस और भीड़ ने खेत को चारों ओर से घेर लिया और धीरे-धीरे उस खेत में घुसना शुरू कर दिया।
सभी ने बाजरा का पूरा खेत खंगाल लिया, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। जब पुलिस ने कॉल करने वाले के बारे में मालूमात की तो वह वह वहां पर मौजूद नहीं था। कोतवाली प्रभारी योगेश कुमार सिंह का कहना है कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। वहां कुछ नहीं मिला। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से ऐसी अफवाह नहीं फैैलाने की अपील की है। संवाद