न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
सलेमपुर पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी ने हसायन से सवारियां लेकर नगला रति की तरफ जा रहे डग्गमार वाहन चालक के साथी गाली-गलौज और मारपीट कर दी, जिससे वाहन स्वामियों में गुस्सा फैल गई। वाहन चालक ने घटना की जानकारी परिजनों को भी दी है।
घटना के संबंध में सलेमपुर चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि डग्गामार वाहन चालकों द्वारा वाहनों को सड़क के किनारे खड़ा कर जाम लगा दिया जाता है। उन्हें केवल हटवाया गया था। किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की गई। पीड़ित चालक के परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से करने की बात कही है। कस्बा के मोहल्ला अहीरान निवासी तुलसी यादव पुत्र विशंभर सिंह यादव कस्बा हसायन से नगला रति के लिए गाड़ी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
उन्होंने बताया कि रविवार को सुबह वह हसायन से गाड़ी लेकर जैसे ही नगला रति तिराहे पर पहुंचे तो सलेमपुर चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी ने गाड़ी रुकवाकर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी, जिससे उनके मुंह से खून बहने लगा। यह देखकर चौकी पर तैनात एक दरोगा ने हैंडपंप पर ले जाकर उनका मुंह धुलवाया और बिना कागजात मांगे ही गाड़ी का फोटो खींच लिया। संवाद