न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) का शनिवार और रविवार को आयोजन होगा। इसके लिए शहर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर शुक्रवार को परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। पीईटी 15 परीक्षा केंद्रों पर पांच सेक्टर और 21 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की निगरानी में होगी। जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग ने भी परीक्षा को शुचितापूर्ण व नकलविहीन कराने के लिए कमर कस ली है। दो दिन चार पालियों में 27648 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
आयोग द्वारा जारी की गईं तिथियों के अनुसार पीईटी 2022 का आयोजन 15 अक्तूबर और 16 अक्तूबर को होगा। दो दिन में यह परीक्षा चार अलग -अलग पालियों में होगी। यूपीएसएसएससी द्वारा आयोजित की जाने वाली ग्रुप सी भर्तियों में हिस्सा लेने के लिए अभ्यर्थियों को इस परीक्षा में बेहतर स्कोर अर्जित करना जरूरी है। बता दें कि वर्ष 2022 में दूसरी बार यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। संवाद
कक्ष निरीक्षकों को दिए गए सख्त निर्देश
शुक्रवार को पीईटी परीक्षा को लेकर केंद्रों पर तैयारियों का दौर चला। सीटिंग प्लान परीक्षा कक्षों के बाहर चस्पा किए गए। केंद्र व्यवस्थापकों ने कक्ष निरीक्षकों के साथ बैठक कर परीक्षा को लेकर शासन के निर्देशों की जानकारी दी। वहीं परीक्षा को शुचितापूर्ण और नकल विहीन कराए पर जोर दिया।
दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर दर्ज करानी होगी उपस्थिति
शासन द्वारा पीईटी परीक्षा लेकर आई नियमावली के अनुसार व प्रवेश पत्र पर दिए गए निर्देशों की बात करें तो परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले ही अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले ही परीक्षा केंद्र का गेट बंद करने की बात कही गई है।
अभ्यर्थी इन बातों का रखें विशेष ध्यान
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के पूर्व अभ्यर्थियों की सुरक्षा जांच की जाएगी। अभ्यर्थी आयोग द्वारा जारी किए गए प्रवेश पत्र और अपनी फोटोयुक्त पहचान पत्र, जिसमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पैन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र की मूल प्रति और एक छाया प्रति एवं नवीनतम पासपोर्ट साइज की दो फोटो, जिसके पीछे अभ्यर्थी का नाम व रोल नंबर लिखा हो, को केंद्र पर लेकर उपस्थित होना अनिवार्य है। आवेदक सिर्फ प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र, पहचान पत्र की एक फोटो कॉपी, दो पास पोर्ट साइज फोटो और नीला और काला बाल प्वाइंट पेन लेकर ही परीक्षा कक्ष में जा सकेंगे। कोविड-19 प्रोटोकॉल के अंतर्गत अभ्यर्थी को हैंड सैनिटाइजर की छोटी बोतल भी साथ ले जाने की अनुमति होगी ।
इन उपकरणों को ले जाने की है मनाही
अभ्यर्थी किसी भी तरह का कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लू टूथ डिवाइस, आई पैड, पैन ड्राईव, हार्ड डिस्क, डेटा कार्ड, किसी भी तरह की हाथ की घड़ी, कोई विद्युत सामग्री या तार, कोई भी सामग्री जो धातु से बनी हो, कान में लगी किसी भी तरह की मशीन, कागज पर बनी सारणियां, ग्राफ शीट, मानचित्र, स्लाइड रूल्स आदि को लेकर परीक्षा केंद्र के भीतर नहीं जा सकेगा। यदि किसी अभ्यर्थी के पास ऐसी कोई वर्जित सामग्री मिलती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी ।
इन केंद्रों पर देंगे इतने अभ्यर्थी पीईटी परीक्षा
-- बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल हाथरस- 2784
-- ब्राइट कैरियर पब्लिक स्कूल रुहेरी- 1632
-- सीएलआरएन सेकसरिया इंटर कॉलेज हाथरस- 1728
-- डीआरबी इंटर कॉलेज हाथरस- 1536
-- पीबीएएस इंटर कॉलेज हाथरस- 1344
-- आरपीएम पब्लिक स्कूल कोटा रोड हाथरस- 2400
-- राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर इंटर कॉलेज हाथरस- 2400
-- सरस्वती इंटर कॉलेज हाथरस-1152
-- सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज हाथरस- 2016
-- सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल हाथरस- 1632
-- सेठ हरचरण दास गर्ल्स इंटर कॉलेज हाथरस- 1344
-- श्री अक्रूर इंटर कॉलेज हाथरस- 1344
-- श्री मक्खन लाल दयावती पब्लिक इंटर कॉलेज हाथरस- 1920
-- श्री रामेश्वर दास अग्रवाल (पीजी) गर्ल्स डिग्री कॉलेज- 2016
-- संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज हाथरस- 2400
-- कुल परीक्षार्थी- 27648
15 केद्रों पर पीईटी का आयोजन होगा। परीक्षा को शुचितापूर्ण नकल विहीन कराए जाने संबंधी निर्देश सभी केंद्र प्रभारियों को दिए गए हैं। इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। दो दिन होने वाली पीईटी का आयोजन चार पालियों में होगा। प्रत्येक पाली में 6912 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
-रीतू गोयल, डीआईओएस हाथरस