हाथरस : खराब हैंडपंप और पाइप लाइन में लीकेज की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन करते नवल नगर के बाशिं?
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
वार्ड नंबर सात में कई इंडिया मार्क टू हैंडपंप खराब पड़े होने से बाशिंदे पानी की एक-एक बूंद को तरस गए हैं। शुक्रवार को प्यास से जब गला सूखना शुरू हुआ हो तो लोगों को गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने नवल नगर नगला भूरा रोड पर नगर पालिका प्रशासन का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया।
वार्ड नंबर सात के लोगों ने नवल नगर नगला भूरा रोड पर निवर्तमान सभासद निशांत उपाध्याय की अगुवाई में नगर पालिका प्रशासन का पुतला फूंककर जमकर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि वार्ड में कई माह से इंडिया मार्क टू हैंडपंप खराब पड़े हैं। इससे पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। स्थान-स्थान पर पेयजल आपूर्ति करने वाली पाइप लीकेज कर रही है। इससे दुर्घटना का खतरा रहता है।
सभासद ने कहा कि इन समस्याओं के लिए कई बार लिखित रूप से अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है लेकिन इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। यदि इन समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो और अधिक उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी सिर्फ और सिर्फ नगर पालिका प्रशासन की होगी। इस मौके पर हरप्रसाद शर्मा, गणेशी लाल प्रजापति, दुष्यंत प्रताप सिंह, विनय सिंह, कैलाशी देवी, अन्ना, गायत्री देवी, शांति देवी, राहुल, टोनी ठाकुर, जय शर्मा, विभोर वर्मा आदि थे। संवाद