न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मौसम में आए बदलाव ने जिले में एलर्जी के मरीजों की संख्या बढ़ा दी है। जिला अस्पताल के अलावा एलर्जी के मरीज निजी अस्पतालों में भी पहुंच रहे हैं। त्वचा एजर्ली वाले मरीज ज्यादा परेशान हैं। हर दिन जिला अस्पताल में ऐसे 100 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं।
सर्दी के मौसम में खुश्क त्वचा पर खुजली की बीमारी बढ़ रही है। खुश्क त्वचा को लेकर लापरवाह लोग एग्जीमा की गिरफ्त में आ रहे हैं। जिला अस्पताल में खुश्क त्वचा की खुजली वाले काफी मरीज पहुंच रहे हैं। त्वचा को खुजाने पर सफेद लकीर बनना ही इस बीमारी का मुख्य लक्षण है।
ऐसे मरीज सामान्य अस्पताल के चर्म रोग विभाग में चिकित्सा परामर्श ले सकते हैं। बीमारी बढ़ने पर अपने स्तर से दवा खाना और त्वचा पर लगाना दोनों ही खतरनाक साबित हो सकते हैं। इससे बीमारी सही होने की जगह ज्यादा बढ़ सकती है, इसलिए शरीर पर कोई भी क्रीम लगाने का निर्धारण डॉक्टर की सलाह से ही करें।
सर्दी में खुश्क-रुखी त्वचा में एग्जीमा से खुजली बढ़ रही है। लोग नहाने के बाद शरीर पर नमी के लिए तेल नहीं लगाते हैं, जो खुजली का एक बड़ा कारण है, जबकि गुनगुने पानी से नहाने के बाद तेल की मालिश करने से त्वचा पर कोई एलर्जी नहीं होती है। इन दिनों अस्पताल में भी एलर्जी के काफी मरीज आ रहे हैं। किसी क्रीम व दवा का इस्तेमाल बिना डॉक्टर के परामर्श के नहीं करें। मर्जी से दवा लेने से बीमारी बढ़ सकती है।
- डॉ. रमेश बाबू, चर्म रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल।
खुजली व एग्जीमा के कारण व बचाव के उपाय
- तेज गर्म पानी से नहीं नहाएं। गर्म पानी से ही शरीर की त्वचा खुश्क हो जाती है और खुजली होती है। सिर्फ गुनगुने पानी से ही स्नान करें।
- सर्दी के मौसम में अधिक पानी पीएं, जिससे पानी की पूर्ति होने पर त्वचा शुष्क होने से बच सके। सर्दियों में लोग पानी कम पीने लगते हैं, जिससे वो डीहाइड्रेशन का शिकार हो जाते हैं।
- संतुलित आहार का सेवन करें, जिससे शरीर के विटामिन व अन्य पोषक तत्वों की शरीर मे पूर्ति की जा सके। सूखे मेवा, हरी सब्जियां व सलाद खाएं।
- नहाने के तुरंत बाद हल्का पोंछकर नारियल तेल या मॉस्चुराइजर लगाएं। इससे त्वचा खुश्क नहीं होगी और पूरे दिन शरीर में नमी बनी रहेगी।
- सर्दियों में नरम व मुलायम कपड़े पहनें और खास ख्याल रखें कि त्वचा रूखी न हो। ज्यादा गर्म और मोटे कपड़े भी शरीर में खुजली कर देते हैं।
मरीजों का दर्द
मौसम में ज्यादा ठंड होने के कारण गर्म पानी से नहाना पड़ता है। इस कारण त्वचा खुश्क हो रही है। इसकी दवा लेने आई हूं।
-पिंकी, मरीज
सर्दी लग गई है। उसी की दवा लेने के लिए अस्पताल आई हूं। यहां काफी लंबी लाइन लगी हुई है।
-सुमन, मरीज।
इस मौसम में खुजली की समस्या ज्यादा है। इसी परेशानी की दवा लेने के लिए मैं भी अस्पताल आई हूं।
-रजिया, मरीज
मुझे सर्दी से सीने में दर्द की शिकायत है। एलर्जी के कारण सांस लेने में भी परेशानी होती है। उसी की दवा लेने आई हूं।
-श्रीदेवी, मरीज