न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले की मतदाता सूची भी अब आधार नंबर से लिंक होंगी। मतदाताओं के आधार नंबर को मतदाता पहचान से लिंक करने के लिए लेकर भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से उनके आधार कार्ड की कॉपी को एकत्रित करेंगे। यह कार्य जिले में एक अगस्त से शुरू किया जाएगा। आयोग की ओर से चुनाव के दौरान फर्जी मतदाता और फर्जी मतदान की शिकायतों को रोकने के लिए शुरू की गई है।
बीएलओ द्वारा जुटाए गए आधार नंबरों के ब्योरे के आधार पर मतदाता सूची में नाम, जन्मतिथि व अन्य जानकारियों को जोड़ा जाएगा। इस डाटा की फीडिंग के बाद मतदाता किसी भी चुनाव में एक से अधिक वोट नहीं डाल सकेंगे। चुनाव के दौरान प्रशासन को फर्जी मतदाता और फर्जी मतदान की बहुत शिकायतें प्राप्त होती हैं। इसे रोकने के लिए मतदाता सूची को आधार कार्ड से जोड़ने की तैयारी शुरू की गई है। इस अभियान के शुरू होने से पहले सभी बीएलओ को इसका प्रशिक्षण संबंधित तहसीलों में दिया जाएगा। इसके बाद बीएलओ एक अगस्त से घर-घर जाकर मतदाताओं से फॉर्म भरवाएंगे। संवाद
यह हैं मतदाताओं के आंकड़े
विधानसभा मतदाता पुरुष मतदाता महिला - मतदाता ट्रांसजेंडर कुल मतदाता
हाथरस 223217 192090 5 415312
सादाबाद 201084 172134 17 373235
सिकंदराराऊ 202507 174281 10 376798
कुल 626808 538505 32 1165345
आयोग के निर्देश के क्रम में एक अगस्त से अभियान चलाकर मतदाता पहचान से आधार कार्ड को लिंक करने का कार्य कराया जाएगा। इसे लेकर सभी बीएलओ को तहसीलवार प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
-राजेश कुमार मिश्र, सहायक निर्वाचन अधिकारी