यूपी बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी होते ही शिक्षा विभाग व प्रशासन के अधिकारी हरकत में आ गए हैं। इससे पहले जो 100 विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, उनकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जा रहा है। इन परीक्षा केंद्रों पर जरूरी सुविधाओं का सत्यापन कराया जा रहा है। अधिकारी इसके लिए स्कूलों की दौड़ लगा रहे हैं।
वर्ष 2023 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है। इसके तहत जिले में 100 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 51 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा देंगे। अब निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर सभी तैयारियों को पूर्ण कराया जा रहा है।
परीक्षा केंद्र पर प्रत्येक कक्ष में दो-दो सीसीटीवी कैमरा, वायस रिकॉर्डर, डबल लॉक अलमारी, कंप्यूटर एवं लैपटॉप, विद्यालय एवं प्रत्येक कक्ष में विद्युत की स्थायी व्यवस्था (एलईडी बल्ब), पेयजल, शौचालय, जनरेटर, इन्वर्टर के अलावा परीक्षार्थियों के बैठने के लिए प्रत्येक कक्ष में पर्याप्त फर्नीचर, स्ट्रांग रूम की अलग से व्यवस्था, जिसके बाहर-भीतर कैमरे लगे हों और प्रधानाचार्य के कक्ष में सीसीटीवी के लिए बड़ी स्क्रीन की व्यवस्था हो।
परीक्षार्थियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था सभी परीक्षा केंद्रों पर करने के निर्देश दिए गए हैं। इन सभी व्यवस्थाओं को परखने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग और प्रशासन के अधिकारी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर रहे हैं। अगर कोई कमी रह गई है तो उसे भी सुधारने के निर्देश दिए जा रहे हैं। डीआईओएस रीतू गोयल ने बताया कि परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत न रहे।