न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नये वित्तीय वर्ष में जिले में वन विभाग को पौधरोपण का लक्ष्य मिलने के बाद इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) ने सभी नर्सरियों में प्रभारी की तैनाती की है। इन प्रभारियों को नर्सरी में पौधे तैयार कराने के साथ हर रोज कामकाज की रिपोर्ट देनी होगी। वन विभाग के सात लाख 41 हजार के सापेक्ष साढ़े चार लाख पौधे तैयार हैं। बाकी पौधों को उगाने की तैयारी चल रही है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार का पर्यावरण पर खासा ध्यान है। साल दर साल पौधरोपण के लक्ष्य में बढ़ोतरी हो रही है। इस साल शासन से मिले सात लाख 41 हजार के लक्ष्य के सापेक्ष वन विभाग की नर्सरियों में साढ़े चार लाख पौधे तैयार हैं। बाकी के तीन लाख से अधिक पौधों को हतीसा, बर्धवारी और सिकंदराराऊ आदि स्थानों पर बनी नर्सरियों में तैयार किया जा रहा है।
नर्सरियों में प्रभारी की तैनाती की गई है। इन प्रभारियों द्वारा हर रोज सिंचाई गुड़ाई व रखरखाव की रिपोर्ट दी जाएगी। जो पौधे वर्तमान में तैयार हैं, उनको पाले से बचाने के लिए सिंचाई के निर्देश भी दिए गए हैं। डीएफओ डॉ सीपी सिंह का कहना है कि नर्सरियों में पौधे तैयार किए जा रहे हैं। इन पर प्रभारी तैनात किए गए हैं। संवाद