न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ग्राम पंचायत राजपुर में पंचायत भवन निर्माण कार्य पूर्ण न होने की दशा में जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) ने ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस दिया है। संबंधित पंचायत सचिव को कठोर चेतावनी भी जारी की गई है। उन्होंने कहा है कि 20 जनवरी तक पंचायत भवन निर्माण न होने की दशा में विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
नोटिस के माध्यम से डीपीआरओ सुबोध जोशी ने कहा है कि ग्राम पंचायत राजपुर में पंचायत भवन निर्माण के लिए पूर्ण धनराशि मार्च 2022 में उपलब्ध कराई गई थी। लगभग एक वर्ष पूर्ण होने जा रहा है। पंचायत सचिव द्वारा अवगत कराया गया है कि पंचायत भवन का प्लास्टर कार्य चल रहा है।
इसे लेकर विगत में 16 दिसंबर 2022 को ग्राम प्रधान को नोटिस दिया गया था। इसका स्पष्टीकरण भी संतोषजनक नहीं पाया गया है। उन्होंने कहा कि जबकि इस कार्य एक सप्ताह में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए थे। 20 दिन बीत जाने के बाद भी पंचायत भवन का कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। यह स्थिति अत्यंत खेदजनक है।
डीपीआरओ ने पंचायत भवन का कार्य 20 जनवरी तक पूर्ण कराकर सचिवालय क्रियाशील कराते हुए पंचायत भवन का कार्यपूर्ति प्रमाणपत्र, दो फोटो, एमबी की छाया प्रति सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को चेतावनी व ग्राम प्रधान को नोटिस जारी किया है। डीपीआरओ ने कहा है कि कार्य पूर्ण न होने की दशा में विभागीय कार्रवाई की जाएगी। संवाद