न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विकास खंड सहपऊ की ग्राम पंचायत बहादुरपुर देवकरन में बने पंचायत भवन में बाजरा भरे होने के मामले में अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद पंचायतराज विभाग हरकत में आया है। जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) ने इस मामले में संबंधित एडीओ व पंचायत सचिव को नोटिस जारी किए हैं।
शासन के निर्देश पर जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत भवन का निर्माण किया जा रहा है। पंचायत भवनों को मिनी सचिवालय के रूप में परिवर्तित कर ग्रामीणों को ऑनलाइन योजनाओं का लाभ दिए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। पंचायत भवनों में योजनाओं का लाभ दिए जाने के लिए ग्राम पंचायत वार सहायकों की तैनाती की गई है।
पूर्व में अमर उजाला में ‘क्या है माजरा, पंचायत भवन में बाजरा’ नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। इस इस मामले में डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ सुबोध जोशी ने ब्लॉक सहपऊ के एडीओ पंचायत व पंचायत सचिव को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। स्पष्टीकरण न देने की दशा में विभागीय कार्रवाई की जाएगी। संवाद