न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के वार्ड संख्या में चार में समस्याओं का अंबार है। जगह-जगह सड़कें टूटी हुई हैं। गंदे पानी की निकासी के इंतजाम नहीं है। कई हैंडपंप भी खराब हैं। लोगों को पीने के पानी का भी जैसे-तैसे इंतजाम करना पड़ता है। बजट के अभाव में कई अहम काम अटके हुए हैं।
शहर के वार्ड संख्या चार में नगला भोजा, कंचन नगर, नगला मिया, स्टेट बैंक कॉलोनी, रविकुंज, भट्ठा वाली गली, अग्रसेन विहार, पुष्प विहार आदि इलाके आते हैं। इनमें जगह-जगह सड़क जर्जर हालत में है। बाकी कसर अमृत योजना के तहत डाली गई पाइप लाइन ने पूरी कर दी है। यह सड़कें पानी के लीकेज के चलते जगह-जगह धंस गई हैं। कुछ सड़कों का निर्माण नहीं हुआ है। साथ ही गंदे पानी निकासी के इंतजाम नहीं है। इस कारण बिन बारिश के जलभराव रहता है। कई कॉलोनियों का गंदा पानी तो प्लॉटों में जा रहा है। बरातघर का भी निर्माण भी नहीं हुआ है। संवाद
रजबहा परोस रहा बीमारियां, नाले में हुआ तब्दील
शहर के नगला भोजा क्षेत्र में सिंचाई विभाग का रजबहा गुजर रहा है। इस रजबहे ने अब नाले का रूप ले लिया है। गंदगी से अटा होने के कारण रजबहे में मच्छरों का आतंक है। इस कारण लोगों को यह रजबहा बीमारियां परोस रहा है। इलाके में नगर पालिका प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने आज तक फॉगिंग भी नहीं कराई है। इन दिनों डेंगू का प्रकोप चल रहा है। इसे लेकर और लोगों को डर सता रहा है।
वार्ड में नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही से समस्याओं का अंबार है। पानी की निकासी के इंतजाम आज तक नहीं किए गए हैं। अधिकांश हैंडपंप खराब पड़े हैं। इस कारण लोगों को पीने के पानी तक के लिए भटकना पड़ रहा है। सभासद को 10 में पांच नंबर देते हैं।
-राकेश कुमार
हमारे वार्ड में सड़कें जगह-जगह जर्जर हालत में हैं। इसके अलावा सफाई और पानी की निकासी के इंतजाम भी पर्याप्त नहीं है। इस कारण काफी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। रजबहे बंबा में गंदगी का अंबार है। हम सभासद को 10 में से छह नंबर देते हैं।
-कैलाशचंद्र
वार्ड में अमृत योजना के तहत सड़कें जगह-जगह धंस गई हैं। बाकी सड़क पहले से जर्जर हालत में है। इस कारण गंतव्य की दूरी तय करने में काफी मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। विकास के नाम वार्ड में खानापूर्ति की गई है। हम सभासद को 10 में से चार नंबर देते हैं।
-मुकेशचंद्र
नगला भोजा में अधिकांश सड़कें जर्जर हालत में हैं। सभासद ने जो सड़कें बनवाई हैं, वह अमृत योजना के काम की वजह से जगह-जगह धंस गई हैं। मार्ग के जर्जर होने से मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। नगर पालिका भी समस्याओं को दूर नहीं कर पा रही। सभासद को 10 में से छह नंबर देते हैं।
-रोहित कुमार
सभासद का पक्ष
मेरे वार्ड में 15 सड़कों का निर्माण हुआ है। करीब 12 सड़कें जर्जर हालत में हैं। 22 हैंडपंप लगे हुए हैं। इसमें से आधे हैंडपंप खराब हैं। पानी की निकासी के इंतजाम नहीं है। इस कारण बिन बारिश के जलभराव होना आम बात हो गई है। वार्ड से गुजरने वाले बंबे की सफाई कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। इस कारण मच्छरों का आतंक है। अमृत योजना की पाइप लाइन लीकेज के चलते सड़कें जगह-जगह से धंस गई हैं। कई बार नगर पालिकाध्यक्ष को लिखित व मौखिक रूप से अवगत करा दिया। इसके बाद समस्याओं को दूर करने पर ध्यान नहीं दिया गया है। काफी लोगों के प्रधानमंत्री आवास व वृद्धावस्था व विधवा पेंशन बंधवाई है।
-सुषमा देवी, सभासद वार्ड चार