हाथरस : सब रजिस्ट्रार बनीं मांगरू की बेटी नेहा सिसौदिया परिजनों के साथ। संवाद
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
पीसीएस परीक्षा 2021 का अंतिम परिणाम बुधवार को घोषित किया गया तो क्षेत्र के गांव मांगरू के सिसौदिया परिवार में दिवाली की खुशियां दोगुनी हो गईं। उनकी बेटी ने बेहतरीन रैंक के साथ पीसीएस परीक्षा पास कर परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। नेहा का चयन पीसीएस परीक्षा के माध्यम से सब रजिस्ट्रार के रूप में हुआ है। बेटी की कामयाबी पर गांव में मिठाई बांटी गई।
किसान कुलदीप सिंह और मनोज लता की लाडली नेहा सिसौदिया बचपन से ही पढ़ने में तेज थीं। खेती के साथ कुलदीप सिंह ने बच्चों की पढ़ाई का पूरा ख्याल रखा। नेहा की बुद्धिमता पर उन्हें पूरा भरोसा था, इसलिए उन्होंने नेहा को पढ़ाई में पूरा प्रोत्साहन दिया। नेहा ने गांव के गांधी इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। हाथरस के पीसी बागला कॉलेज से स्नातक करने के बाद आगरा के सेंट जोंस कॉलेज से परास्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद नेहा ने आगरा में एलएलबी की परीक्षा दी।
शिकोहाबाद के एके कॉलेज के प्रोफेसरों के मार्गदर्शन में आगरा विश्वविद्यालय में पीएचडी में प्रवेश लिया। पीएचडी के साथ नेहा यूपीपीसीएस परीक्षा के लिए लगातार तैयारी कर रही थी। स्वत: अध्ययन के आधार पर ही नेहा ने तीसरे प्रयास में पीसीएस परीक्षा 2021 में कामयाबी हासिल की। नेहा का चयन उप निबंधक के रूप में हुआ है। बेटी की कामयाबी से सिसौदिया परिवार में खुशी का माहौल है। नेहा ने कामयाबी का श्रेय माता-पिता को देते हुए कहा है कि वह बेहतरीन रैंक के लिए आगे भी पीसीएस परीक्षा पास करने का प्रयास जारी रखेंगी। उन्होंने पीसीएस परीक्षा 2022 में भी हिस्सा लिया है। विधायक गुड्डू चौधरी ने बेटी की कामयाबी पर सिसौदिया परिवार को बधाई दी है। संवाद