न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सात से 14 जनवरी तक एनसीसी का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर आरपीएम कॉलेज में शुरू होगा। इसमें एनसीसी कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण की बारीकियों का ज्ञान दिया जाएगा।
शिविर में 9 यूपी एनसीसी हाथरस की समस्त कंपनी एवं प्लाटूनों के साथ-साथ एक इंजीनियर कोर्ट के एनसीसी कैडेट साथ ही 8 यूपी एनसीसी बटालियन अलीगढ़ के एनसीसी कैडेट भी शामिल होंगे। एनसीसी कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ अन्य के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। बी व सी प्रमाण पत्र में पूछे जाने वाले प्रश्नों के उत्तर किस प्रकार से दिए जाते हैं, वह भी बताया जाएगा।
कैडेट्स को विशेष तौर से सैन्य अधिकारियों के साथ-साथ सिविल अधिकारियों के साक्षात्कार में पूछे जाने वाले प्रश्नों की जानकारी भी दी जाएगी। यह कैंप 9 यूपी एनसीसी बटालियन हाथरस के प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल समन कुमार के निर्देशन में आयोजित होगा। यह जानकारी 9 यूपी एनसीसी बटालियन हाथरस के सूबेदार मेजर विक्रम सिंह ने दी है। संवाद