न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
निकाय चुनाव में कार्मिकों की ड्यूटी लगाए जाने के लिए कार्मिकों का ब्योरा देने में लापरवाही बरतने के मामले में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) साहित्य प्रकाश मिश्र ने 116 विभागाध्यक्षों को चेतावनी जारी की है। हैरानी की बात यह है कि 199 कार्यालयों के 9478 कर्मचारियों के सापेक्ष अभी तक 6880 कर्मचारियों का ही डाटा फीड हो सका है। अब इस मामले में सीडीओ ने नाराजगी जताई है।
निकाय चुनाव के लिए कार्मिकों का डाटा एकत्रित किया जा रहा है। इसे लेकर विगत में सीडीओ ने सभी विभागाध्यक्ष को कार्मिकों का डाटा संख्या वार प्रारूप एक के माध्यम से दिए जाने के निर्देश दिए हैं। इस प्रारूप 1 के माध्यम से संख्या वार डाटा प्राप्त होने की स्थिति में विभागों को नाम व पद वार ब्योरा फीड किए जाने के लिए आईडी पासवर्ड दिए जाते हैं, जिससे कि डाटा की फीडिंग खुद विभागाध्यक्ष अपने ही कार्यालय से करा सकें। हैरानी की बात यह है कि अब तक 315 विभागों के सापेक्ष महज 199 विभागों ने अपने कार्मिकों का संख्या वार डाटा सीडीओ कार्यालय में बने कंट्रोल रूम में पहुंचाया है।
199 विभागों की ओर से 9478 कर्मचारियों की संख्या बताई गई है, लेकिन इसमें से अभी तक आयोग के पोर्टल पर 6880 कर्मचारियों का डाटा ही फीड किया गया है। अभी तक 116 विभागाध्यक्षों ने कर्मचारियों की संख्या तक नहीं बताई है। विभागाध्यक्षों की इस लापरवाही को लेकर सीडीओ ने नाराजगी जताई है।
सीडीओ ने 116 विभागों के विभागाध्यक्षों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने कहा है कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर संबंधित विभागाध्यक्ष के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। उन्होंने बताया कि बिजली, स्वास्थ्य जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों ने अभी तक कार्मिकों का डाटा उपलब्ध नहीं कराया है। संवाद