न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
रजबहों में टेल तक पानी पहुंचाने को लेकर कड़ाके की ठंड में चल रहा विधायक और किसानों का धरना बुधवार को एसडीएम और तहसीलदार कीर्ति चौधरी के आश्वासन के बाद खत्म कर दिया गया। विधायक ने किसानों की सहमति से धरना समाप्त करने की घोषणा की। आवारा पशुओं की समस्या को लेकर प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी गई है। राज्यपाल के नाम विधायक गुड्डू चौधरी द्वारा ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में विधायक ने बताया कि मांट ब्रांच मथुरा से निकलने वाले रजबहे में टेल तक पानी न पहुंचने को लेकर उन्होंने सदन में द्वितीय सत्र में सरकार से प्रश्न किया था, किंतु सिंचाई विभाग मांट ब्रांच के अधिशासी अभियंता द्वारा झूठा जवाब देकर सरकार व सदन को गुमराह किया गया।
कई बार जिलाधिकारी, मंडलायुक्त, जल शक्ति मंत्री को भी पत्र के माध्यम से समस्या बताई गई, लेकिन सिंचाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। वर्तमान में रबी की फसलों की सिंचाई को लेकर किसान बेहद त्रस्त हैं। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि मांट ब्रांच से निकलने वाले तहसील सादाबाद के सभी रजबहों में टेल तक निर्धारित रोस्टर के अनुसार पानी मिलना चाहिए।
रजबहों की टेल तक सफाई की परियोजना जल्द पास कराई जाए। रबी की फसलों को पूर्ण होने तक नलकूप के विद्युत कनेक्शन न काटे जाएं। आवारा गोवंश को तत्काल गोशाला छुड़वाया जाए। फसल रक्षा के लिए किसानों द्वारा लगाए गए तारों पर प्रशासन द्वारा लगाए गए मुकदमे वापस लिए जाएं।
बता दें कि पानी की समस्या को लेकर विधायक बड़ी संख्या में किसानों के साथ नौगांव मथुरा रोड पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे रहे। बुधवार को एसडीएम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और विधायक से बातचीत कर धरना समाप्त कराया।
धरना-प्रदर्शन में रालोद जिलाध्यक्ष केशव देव सिंह, जिला पंचायत सदस्य शशि चौधरी, ईशान चौधरी, सुआ पहलवान, उम्मेद सिंह, चौधरी रामसहाय, किसान नेता चंद्रेश चौधरी, अनिल कुमार, विजय सिंह, कर्मवीर सिंह, राजवीर सिंह, ओमवीर सिंह, राजेश चौधरी, दीपक कुमार, दीपू चौधरी, श्याम सिंह, स्नेही लाल, अजय चौधरी, देवेंद्र सिंह, इंद्रवीर सिंह, अमर सिंह, विशाल, राजकुमार, किशनलाल, अशोक, रामदेव, रणवीर सिंह, संजय सिंह, विष्णु आदि शामिल रहे। संवाद