न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एक महिला पुलिसकर्मी ने बुधवार को जहर का सेवन कर लिया। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया और वहां से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। महिला पुलिसकर्मी के पति ने आरोप लगाया है उसकी पत्नी को कुछ पुलिस अधिकारी लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे और एक पुराने मुकदमे में समझौते के लिए दबाव बना रहे थे। इसी वजह से उनकी पत्नी ने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
एक महिला पुलिसकर्मी कई माह पहले जिले की एक कोतवाली में महिला हेल्प डेस्क पर तैनात थीं। वह मूल रूप से लखीमपुर खीरी जिले की रहने वाली हैं और उनके पति मैनपुरी जिले के निवासी हैं। पति प्राइवेट नौकरी करते हैं। आरोप है कि जहां वह पहले तैनात थीं, वहां एक किशोरी बरामद हुई तो उस किशोरी से जब यह महिला पुलिसकर्मी पूछताछ कर रही थी तो उस समय किशोरी के एक रिश्तेदार ने वहां एक वीडियो व ऑडियो बना लिया। इसके आधार पर महिला पुलिस कर्मी को ब्लैकमेल करने लगा। इसमें मुख्य आरोपी का चालक भी शामिल था। इस मामले में महिला पुलिसकर्मी ने 19 अप्रैल 2022 को दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
इस मुकदमे के मुताबिक जब महिला पुलिस कर्मी महिला हेल्प डेस्क पर जिले के दूसरी कोतवाली में कार्यरत थी तो इन दोनों नामजदों ने उसे यह कहकर धमकाया कि वह एक महिला को धमका रही है और उन्होंने उसका वीडियो भी बना लिया है। उसके बाद आरोपी ट्विटर पर फर्जी वीडियो डालकर इस महिला पुलिसकर्मी को ब्लैकमेल करने लगा और यह भी धमकी देने लगा कि मेरे साथ संबंध बनाओ नहीं तो तुम्हें बदनाम कर दूंगा और नौकरी करना सिखा दूंगा।
उपरोक्त नामजद ने महिला पुलिसकर्मी के मोबाइल फोन पर अश्लील मैसेज भेजने शुरू कर दिए। इस मामले में महिला पुलिस कर्मी ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया। उनके पति का आरोप है कि मुख्य आरोपी ने उनकी पत्नी के खिलाफ भी विभागीय जांच शुरू करा दी। इस मामले में विभाग के ही कुछ पुलिस अधिकारी यह चाहते हैं कि उनकी पत्नी आरोपियों से समझौता कर ले। अधिकारियों ने मुख्य आरोपी को छोड़ दिया और केवल उसके चालक के खिलाफ ही आरोपपत्र लगा दिया।
उनका कहना है कि रोजाना अधिकारी इसी बात को लेकर उनकी पत्नी को प्रताड़ित करते थे। इस दौरान उनकी पत्नी का तबादला दूसरी कोतवाली में हो गया। तब भी कुछ अधिकारी समझौते का दबाव बनाते रहे। इससे उनकी पत्नी परेशान रहने लगी। पति ने बताया कि बुधवार को जब उनकी पत्नी ड्यूटी पर थी। तब भी कोतवाली निरीक्षक ने उनकी पत्नी पर एक फब्ती कसी। इससे उनकी पत्नी बेहद आहत हो गई।
उनकी पत्नी अपनी स्कूटी और मोबाइल फोन कोतवाली में ही छोड़ आई और अपने निवास पर जाकर विषाक्त का सेवन कर लिया। जब इसकी जानकारी उनको हुई तो पहले पत्नी को जिला अस्पताल लाया गया और फिर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पति का आरोप है कि अधिकारियों द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना दिए जाने के कारण ही उनकी पत्नी ने यह कदम उठाया है। संवाद
महिला पुलिस कर्मी से काम के लिए बोला गया था। उसकी तबियत खराब हुई तो उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
-प्रकाश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक