मेला श्रीदाऊजी महाराज परिसर में तैयार होते झूले
- फोटो : अमर उजाला
बृज क्षेत्र के लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज की विधिवत शुरुआत दो अगस्त को होगी। इस बार कोरोना का साया नहीं है। ऐसे में मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मेले में होने वाले कार्यक्रमों के संयोजक तय कर दिए गए हैं। अभी कुछ कार्यक्रमों के संयोजकों के फेरबदल होने की संभावना है। अखिल भारती बुर्ज कुश्ती दंगल में बजरंग पूनियां, गीता फोगाट सहित कई नामचीन पहलवान आएंगे।
संगीत सम्मेलन में कन्हैया मित्तल आएंगे। इसके अलावा पंजाबी दरबार, लॉफ्टर शो आदि कार्यक्रमों में आयोजक नामचीन लोगों को बुलाने के लिए लगातार संपर्क कर रहे हैं। किला परिसर में भी सफाई और पेयजल व्यवस्था आदि का काम तेजी से शुरू हो गया है।
उल्लेखनीय है कि बृज प्रसिद्ध लक्खी मेला अब महोत्सव का रूप ले चुका है। मेले को लेकर जिला प्रशासन की ओर से भी लगातार निगरानी की जा रही है। अखिल भारतीय कुश्ती दंगल के संयोजक राजेश कुमार सिंह गुड्डू का कहना है कि दंगल में ढोल की थाप पर कुश्तियां होंगी।
बजरंग पूनियां, गीता फोगाट सहित कई नामचीन पहलवानों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। संगीत सम्मेलन संयोजक अनुराग अग्निहोत्री ने बताया कि इस बार संगीत सम्मेलन में कन्हैया मित्तल शिरकत करेंगे। प्रांजल, उर्वशी रौतेला से लगातार संपर्क किया जा रहा है। पंजाबी दरबार में के लिए हरियाणवी गायक रेनुका पवार, रुचिका जांगड़, लोकेश गुलजार, हरियाणवी गायक मीका सिंह के भतीजे मान सिंह, गोरा सिंह से संपर्क किया जा रहा है।
पहले यह कार्यक्रम 13 सितंबर को होना था। इसकी तिथि अब 18 सितंबर कर दी गई है। इसके अलावा लॉफ्टर शो के लिए भी लगातार आयोजकों द्वारा संपर्क किया जा रहा है। इसके अलावा कवियत्री सम्मेलन, ख्याल गायकी, रसिया दंगल आदि के आयोजकों द्वारा नामचीन लोगों से संपर्क किया जा रहा है।