न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बारिश के दौरान शनिवार की रात को शहर के कई इलाकों में बिजली ने आंख मिचौली का खेल खेला। ग्रामीण क्षेत्र के कई इलाकों में पूरी रात बिजली गायब रही। बिना बिजली के लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़ा। विभागीय कर्मी लाइनों में फॉल्ट दूर करने में जुटे रहे।
उल्लेखनीय है कि जिले में बिजली चोरी रोकने के लिए कई साल पहले बंच कंडक्टर लाइन डाली गई थी। वर्तमान में ये लाइन जर्जर हो गई हैं। इस कारण जरा सी आंधी और बारिश में बिजली सिस्टम धराशाई हो जाता है। इसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ता है। शनिवार की रात को आई बारिश के दौरान शहर के ओढ़पुरा, गिजरौली, प्रगतिपुरम, गिजरौली नवीपुर कला विद्युत उपकेंद्र से निकलने वाले फीडरों की लाइनों में फॉल्ट के चलले पूरी रात बिजली ने आंख मिचौली का खेल खेला।
इस कारण लोग चैन से सो नहीं सके। देहात के सलेमपुर, सोखना और नगला रति उपकेंद्र से निकलने वाले फीडरों की लाइनों में फॉल्ट के चलते पूरी रात बिजली गायब रही। जब सुबह लोग नींद से जागे तो बिजली गायब देखकर खलबली मच गई। दोपहर को बिजली आपूर्ति सुचारु हुई। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्रा का कहना है कि बारिश के चलते कुछ स्थानों पर लाइनों में फॉल्ट हो गए थे। इस कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही है। संवाद
बारिश के दौरान बिजली की बार-बार आवाजाही होती रही। इस कारण रात्रि में काफी दिक्कतें हुई है। जरा सी बारिश में बिजली धोखा दे देती है। लाइनों में सुधार की आवश्यकता है।
-इंदल सोलंकी
बिजली व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन कई कई घंटे गुल हो रही है। अब जरा सी आंधी और बारिश में फॉल्ट के चलते बिजली संकट का सामना करना पड़ा है।
-लोकेश शर्मा
एक तरफ सरकार गर्मियों में बेहतर आपूर्ति देने की बात कह रही है तो दूसरी ओर आए-दिन बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। कभी दिन तो कभी रात में बिजली गुल होना आम बात है।
-राजू कश्यप
आंधी और बारिश में गर्मी से राहत मिली है। वहीं दूसरी ओर बिजली पसीने छुड़ा रही है। बारिश के दौरान कई घंटे बिजली गुल रही है। इस कारण काफी परेशानी हुई है।
-सचिन गौड़