न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के मोहल्ला कैलाश नगर में स्ट्रीट लाइट को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। यहां हुई मारपीट से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लाठी-डंडे चलने से दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। इनका पुलिस ने जिला अस्पताल में उपचार कराया।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला कैलाश नगर में एक खंभे पर स्ट्रीट लाइट लगी हुई है। इसे बंद और चालू करने को लेकर बुधवार की रात को दो पक्षों में कहासुनी हो गई, लेकिन बृहस्पतिवार की दोपहर को इस बात को लेकर दोनों पक्षा आमने-सामने आ गए और फिर उनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मोहल्ले में अफरा-तफरी वाला माहौल बन गया।
पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में एक पक्ष के अशरफ व जुम्मा पुत्रगण अख्तर, गुलफ्सा व नफीस पुत्री अख्तर और दूसरे पक्ष से इकबाल व अरमान पुत्रगण नजर मोहम्मद शामिल हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। संवाद