संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
आगरा रोड नगला हरकेश के समीप रविवार को डीसीएम और बाइक की टक्कर में बाइक सवार कराटे प्रशिक्षक की मौत हो गई। जबकि एक बच्ची घायल हो गई। हादसे की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने डीसीएम चालक को हिरासत में ले लिया है।
बाइक सवार एलएस ठकरान पुत्र निरंजन लाल निवासी दिलीप नगर आगरा रोड हाथरस, आगरा से जूडो कराटे का टेस्ट करा कर एक बच्ची को लेकर लौट रहे थे। तभी सामने से आ रही डीसीएम ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के समीप कावड़ियों का कैंप लगा हुआ था। इसीलिए पुलिस भी वहां मौके पर मौजूद थी। पुलिस मौके पर पहुंची और डीसीएम सहित चालक को हिरासत में ले लिया। चौकी प्रभारी जगजीत सिंह अपने हमराह के साथ बच्ची और बाइक सवार ठाकरान को खंदौली के एक अस्पताल में ले गए।
यहां से बच्ची को आगरा भेज दिया। आगरा में एसएन मेडिकल में दोनों को भर्ती कराया, जिसमें ठाकरान को मृत घोषित कर दिया। वहीं बच्ची का इलाज जारी है। ठाकरान हाथरस के एक विद्यालय में कराटे के प्रशिक्षक थे।