न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बाईपास पर लहरा चौराहा के निकट शुक्रवार की रात को वाहन की टक्कर से घायल हुए दो कांवड़ियों में से एक की आगरा में उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों घायलों को जिला अस्पताल से आगरा रेफर किया गया था। परिजन कांवड़िया के शव को लेकर हाथरस आ गए। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर लहरा चौराहे के पास शुक्रवार की देररात को किसी वाहन ने राजू सविता पुत्र शोभाराम व 45 वर्षीय मूलचंद्र यादव पुत्र कृपा यादव निवासीगण गंगा आलमपुर पुरानी छावनी ग्वालियर को टक्कर मार दी थी। दोनों घायल हो गए थे। दोनों गंगोत्री से कांवड़ लेकर ग्वालियर की ओर जा रहे थे। घायलों को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
वहां से दोनों को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। वहां मूलचंद्र यादव की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया और पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। परिवार के लोग शव को लेकर ग्वालियर चले गए। संवाद