पुरदिलनगर-हसायन मार्ग पर ईशन नदी के पानी में डूबे खेत
- फोटो : अमर उजाला
पुरदिलनगर से हसायन मार्ग पर पड़ने वाली ईशन नदी वैसे तो हमेशा सूखी रहती है, लेकिन पिछले दिनों हुई लगातार बारिश से नदी में पानी इतना ज्यादा हो गया है कि हजारों बीघा धान, मक्का और बाजरा की फसल जलमग्न हो गई है। धान बेचकर घर में धन लाने का किसानों का सपना चकनाचूर हो गया है। बैंक से कर्ज लेकर खाद, बीज और पानी लगाने के बाद किसानों के हाथ पूरी तरह खाली रह गए हैं।
नगला बरी-नगला कटैला गांव के लिए जाने वाले मार्ग पर लगभग तीन फुट तक पानी भरा है। गांव के लोगों को पुरदिलनगर नगर और सिकंदराराऊ आने के लिए इस पानी में होकर निकलना पड़ रहा है। कई लोगों की मोटरसाइकिल बंद हो चुकी हैं। स्कूल आने वाले सभी पानी में होकर निकलकर आते हैं। नगला बरी, नगला कटैला, की जो लड़कियां पुरदिलनगर पढ़ने जाती थीं, वह अब स्कूल नहीं आ पा रही हैं। नगला बरी स्कूल में प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक भी पानी में होकर निकलने के लिए मजबूर हैं।
विजय प्रधान का इंटरलॉकिंग प्लांट है भी पूरी तरह पानी में डूबा है। पास ही भारत की गैस एजेंसी है। वहां आने वाले भी पानी में होकर गुजरने को मजबूर हैं। लोगों में इसे लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि प्रशासन ने अभी तक सुनवाई नहीं की है। नदी से कट रहे पानी को बंद नहीं कराया गया है।