न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सोने के आसमान छूते दामों के कारण आम लोग के लिए तो सोना खरीदना दूर की बात हो गई है। इसका सीधा फायदा आर्टिफिशियल ज्वैलरी के कारोबारियों को हुआ है। इस समय महिलाएं इस ज्वैलरी को ज्यादा पसंद कर रही हैं। खास बात यह है कि कच्चे माल के दाम बढ़ने के कारण इस बार ज्वैलरी के दामों भी इजाफा हो गया है।
इस समय सोने के भाव 53 हजार रुपये प्रति तोला पहुंच गए हैं। हाई प्रोफाइल लोग ही सोने की खरीदारी कर पा रहे हैं। चांदी की ज्वैलरी का दौर भी बीत चुका है। इस कारण आर्टिफिशियल ज्वैलरी के कारोबार ने तेजी पकड़ी है। शहर के गली बख्तावर, बैनीगंज, कोमल कांप्लेक्स आदि बाजारों में महिलाएं चूड़ी, गले का सेट, झाले, पाजेब, आदि गहनों की खरीदारी करती नजर आईं। हालांकि कच्चे माल के रेट बढ़ने के कारण आर्टिफिशियल ज्वैलरी के दामों में भी 25 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। संवाद
200 से 250 रुपये तक में बिक रही पूजा की थाली
करवा चौथ पर इस बार बाजार में पूजन के लिए जगह-जगह रंग बिरंगे कागज से सजी पूजा की थालियां भी बिक रही हैं। इनकी कीमत दो सौ से ढाई सौ रुपये तक हे। इसके अलावा पूजन के लिए प्लेन करवा 20 रुपये का, रंगीन करवा 30 रुपये व कैलेंडर पांच रुपये में बिक रहा है।
सोना महंगा होने के कारण महिलाएं आर्टिफिशियल आभूषण ज्यादा पसंद कर रही हैं। गले के सेट, चूड़ी, झाले, आदि गहनों की बिक्री इन दिनों हो रही है। कच्चे माल के रेट में बढ़ोतरी से इस बार इनके दामों में 25 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है।
-विजयकांत वार्ष्णेय, दुकानदार।
करवा चौथ पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। इस बार कोरोना काल नहीं है, इसलिए बाजार में करवाचौथ पर्व के साथ बूम आया है। महिलाएं पर्स, बैग व अन्य सामान की खरीदारी कर रही हैं।
-संजीव शर्मा, दुकानदार