न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उमसभरी गर्मी में बिजली संकट लोगों के पसीने छुड़ा रहा है। कभी दिन तो कभी रात में बिजली गुल हो रही है। इस कारण लोग चैन से सो नहीं पा रहे हैं। विभागीय अधिकारी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसे लेकर लोगों में गुस्सा है। मंगलवार को भी शहर और ग्रामीण क्षेत्र में करीब पांच घंटे बिजली बाधित रही।
जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, बिजली सिस्टम भी लड़खड़ा रहा है। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। शहर और कस्बों में जर्जर लाइनों की वजह से भी फॉल्ट अधिक हो रहे हैं। इस कारण लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को शहर के गिजरौली, ओढ़पुरा, प्रगतिपुरम, जलकल बिजलीघर, कांशीराम टाउनशिप आदि विद्युत उपकेंद्रों से निकलने वाले फीडरों की लाइनों में फॉल्ट हो गए। देहात में भी बिजली सिस्टम ने लोगों को खूब छकाया।
कुल मिलाकर शहर से देहात तक पांच घंटे तक बिजली बाधित रही। इस कारण लोगों के रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हुए। उमसभरी गर्मी में बिना बिजली के उपभोक्ताओं मुश्किलों से जूझना पड़ा। लोग बिजली विभाग को कोसते हुए नजर आए। अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्रा का कहना है कि गर्मी में लाइनों में फॉल्ट ज्यादा हो रहे हैं। वैसे अधीनस्थों को जल्द से जल्द फॉल्ट दूर कर आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद
उपभोक्ता बेहाल
बिजली विभाग लोगों को पर्याप्त आपूर्ति नहीं दे पा रहा है। कभी दिन तो कभी रात मेें बिजली गुल होना आम बात हो गई है। इस कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है। गर्मी में काफी परेशानी हो रही है।
-धर्मवीर
जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे बिजली भी नखरे दिखा रही है। फॉल्ट के नाम पर कई कई घंटे बिजली गुल हो रही है। इस ओर विभागीय अधिकारियों को ध्यान देना चाहिए, ताकि आमजन को राहत मिले।
-निरोत्तम
बिजली व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। अब तो बहुत बिजली गुल हो रही है। बिना बिजली के कामकाज प्रभावित हो रहा है। विभागीय अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे हैं। -चिराग गर्ग
बिजली संकट रुकने का नाम नहीं ले रहा है। हर रोज बिजली गुल हो रही है। इस कारण उमसभरी गर्मी में पसीने से लथपथ हो रहे हैं। पर्याप्त बिजली न मिलने से मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है।
-सतेंद्र सिंह