न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
पति की दुर्घटना में मौत के बाद ससुराल वाले पीड़ित महिला और उसके बच्चों को जमीन में हिस्सा देने की बजाय उसके हिस्से की जमीन पर जबरन खेती कर रहे हैं और मारपीट एवं गाली-गलौज करते हैं। पीड़िता ने ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
स्वीटी पत्नी ओमवीर सिंह निवासी गांव बरतर खास ने दी तहरीर में कहा है कि करीब छह-सात वर्ष पूर्व पीड़िता के पति ओमवीर सिंह की दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। पीड़िता पर एक बेटा राज (13 वर्ष) व बेटी नैना (10 वर्ष) है। पति की मृत्यु के बाद ससुरालीजनों का व्यवहार पीड़िता और उसके बच्चों के प्रति खराब होता गया। इसके बाद पीड़िता अपने बच्चों को लेकर आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के गांव ककरेटा में रहने चली गई।
पीड़िता वर्तमान में इसी स्थान पर रह रही है। पति के हिस्से की जमीन पर पीड़िता और उसके दोनों बच्चों का नाम आ गया है। इसके बावजूद ससुरालीजन उसके हिस्से की जमीन पर कब्जा करके फसल पैदा कर रहे हैं और पीड़िता को इस जमीन पर कब्जा नहीं लेने दे रहे हैं। जब वह गांव में जाती है तो ये लोग गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। संवाद