न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के एक दर्जन फीडरों पर बिजली की चोरी सबसे अधिक हो रही है। इस कारण विभाग को हर माह लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। इसे लेकर अब निगम स्तर से संबधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। अभियान की मॉनिटरिंग आला अधिकारी करेंगे।
शहर में 28 व देहात में साठ प्रतिशत चोरी हो रही है। बिजली चोरी का आंकड़ा तमाम कोशिशों के बाद भी नहीं गिर रहा है। इसे लेकर अधिकारियों की क्लास लग रही है। खंड हाथरस शहर के कांशीराम टाउनशिप, ओढ़पुरा, विभवनगर का न्यू कोटा सबस्टेशन है। इसके अलावा खंड द्वितीय मुरसान मेंडू के नगला गुलरिया फीडर, नूरपुर, खुटीपुरी फीडर की लाइन पर अधिक चोरी हो रही है।
इसके अलावा भोपतपुर, पोरा, बिसावर में बिजली की चोरी हो रही है। सादाबाद के खंड चतुर्थ में गुतेहरा, टिकैत आदि फीडर से जुड़े इलाकों में बिजली चोरी का आंकड़ा अधिक है। इस मामले में अधीक्षण अभियंता एमपी सिंह का कहना है जिन इलाकों में अधिक चोरी हो रही है, वहां पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश हैं। संवाद