हाथरस : सिकंदराराऊ में एटा रोड पर कोहरे में हुई टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
सोमवार सुबह घने कोहरे से एनएच 91 एटा रोड के गांव उमरावपुर के समीप 6 ट्रक पीछे से एक दूसरे में घुस गये। इससे ट्रकों का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तीन चालक समेत छह लोग घायल हो गये। इसमें एक चालक का पांव स्टेयरिंग में फंसने से उसकी हालत खराब हो गई। पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर पहुंच कर राहत कार्य किया। इधर प्रात: सात बजे बंद हुई बिजली आपूर्ति दोपहर एक बजे तक बहाल हो पाई।
कोहरा इतना घना था कि पांच मीटर सामने कुछ भी नजर नहीं आ रहा था। गांव उमरावपुर के पास एटा की तरफ से आता ट्रक सड़क पर खड़े खराब ट्रक में पीछे से घुस गया। ट्रक द्वारा तेज ब्रेक लेने से पीछे से आ रहे ट्रक एक दूसरे में घुसते चले गए। इस तरह से छह ट्रक टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गये। टक्कर की तेज आवाज से किसान घरों से निकल कर दुर्घटना स्थल पर पहुंच गये। घायल चालक परिचालकों को बाहर निकाला।
ट्रकों के केबिन तथा इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगा कर आपस में धंसे वाहनों को अलग अलग कर रास्ता खुलवाया। जगह जगह लाल बत्ती लेकर पुलिस कर्मी ट्रैफिक को नियंत्रित करते नजर आये। अधिकांश वाहन कुहरा छंटने के इंतजार में घंटों ढाबों पर खड़े रहे।
इस दुर्घटना में चालक परिचालक सहित छह लोग घायल हो गए। स्टेयरिंग में पांव फंसने घायल हुए चालक को उपचार के वास्ते एटा भेजा गया है। इधर, सुबह पांच बजे बिजली बंद कर दी गई। इसके बाद आपूर्ति दोपहर एक बजे बहाल हो पाई। बिजली कर्मियों ने बताया कि इंसूलेटरों पर पानी आ जाने से फाल्ट हुआ, जिसे घंटों की मेहनत के बाद ठीक किया गया। संवाद