संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
मुख्यमंत्री के जिले में आगमन के मद्देनजर विभागों में पत्रावलियों को पूरा करने के साथ ग्राम पंचायतों को चमकाने का कार्य तेज कर दिया गया है। जिले की कुछ ग्राम पंचायतों को चिन्हित कर इन ग्राम पंचायतों में सभी योजनाओं के काम पूरे कराने का काम किया जा रहा है, जिससे समय आने पर किसी एक ग्राम पंचायत का दौरा भी कराया जा सके। इतना ही नहीं परिषदीय स्कूलों को भी निरीक्षण के लिए तैयार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 25 अगस्त को जिले में आने की संभावना है। जिला प्रशासन की ओर से योजनाओं की प्रतिदिन समीक्षा शुरू कर दी गई है। सीएम का एक गांव का दौरा भी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके चलते कुछ ग्राम पंचायतों को चिन्हित कर उनके कायाकल्प का कार्य तेज कर दिया गया है।
इन ग्राम पंचायतों में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के काम कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर से उन ग्राम पंचायतों के परिषदीय स्कूलों, पंचायत भवनों व सामुदायिक शौचालयों को दुरुस्त किया जा रहा है। अमृत सरोवर के सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेज कर दिया गया है। सीएम की समीक्षा बैठक को लेकर पत्रावलियों को भी पूर्ण किया जा रहा है।