न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
चंदपा क्षेत्र के गांव परसारा में शुक्रवार की दोपहर को युवती को बोर्ड में तार लगाते वक्त करंट लग गया। उसकी चीख सुनकर परिवार के लोग भागे और फिर उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां युवती को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। यह सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को लेकर गांव चले गए।
गांव परसारा में शुक्रवार की दोपहर को जवाहर की 18 वर्षीय बेटी अंजू घर में बिजली के बोर्ड में तार लगा रही थी। परिवार के अन्य सदस्य पड़ोस के घर पर थे। तार लगाते वक्त अंजू को करंट लग गया और उसकी चीख निकल गई।
उसकी चीख सुनकर परिवार के लोग अपने घर की ओर भागे तो युवती को बेहोश देखकर उसके होश उड़ गए। उसे आनन-फानन जिला अस्पताल लाया गया। वहां उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। यह सुनकर परिजन रोने-बिलखने लगे और फिर शव को लेकर चले गए। संवाद