हाथरस : कलेक्ट्रेट में खराब पडे़ आग बुझाने के उपकरण। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट परिसर में आग पर काबू पाने के इंतजाम नाकाफी है। हैरानी की बात यह है कि पिछले दिनों कलेक्ट्रेट में कोषागार में बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने के बावजूद तंत्र ने इसकी कोई सुधि नहीं ली है। यहां तक कि कलेक्ट्रेट परिसर में लगे आग बुझाने संबंधी संयंत्र टूटे पड़े हैं। इन संयंत्रों पर जंग भी लग गई है।
उल्लेखनीय है कि 30 नवंबर की देर रात कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार में विद्युत तार में शॉर्ट सर्किट होने से कोषागार के कक्ष में आग लग गई थी। आग लगने से यहां सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों में खलबली मच गई थी। इतना ही नहीं आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी को भी बुलाया गया।
हालांकि कार्यालय कक्ष का ताला खोलकर बड़ी घटना होने से पहले ही आग पर कर्मियों द्वारा काबू पा लिया गया। इसके बावजूद कलेक्ट्रेट परिसर में आग बुझाने के लिए लगे संयंत्र भी कंडम हो चुके हैं। यहां तक कि परिसर में फायर बेल पूरी तरह टूट चुके हैं।
आग लगने के दौरान परिसर में पहुंचने वाली वाटर आपूर्ति की लाइनों में जंग लग गई है। वहीं दूसरी ओर से आग पर काबू पाने के लिए बने संयंत्र व स्थान पर बने फायर अलार्म भी टूटे पड़े हैं। इस घटना के बाद भी इस ओर तंत्र का ध्यान नहीं गया है। संवाद